home page

हरियाणा में महिला इनेलो नेता पर धोखाधड़ी का आरोप, DC से रिश्तेदारी बता नौकरी लगवाने के लिए 5 लाख हड़पे

हरियाणा के कैथल में महिला इनेलो नेता के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। 5 लाख हड़पने का आरोप है।

 | 
fads

Newz Funda, Haryana Desk हरियाणा के कैथल में एक महिला इनेलो नेता के खिलाफ पुलिस की ओर से धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि ये महिला नेता इंदू परमार हैं, जो भिवानी इनेलो महिला प्रकोष्ठ की जिला प्रधान हैं।

अब पुलिस की ओर से मामले में जांच शुरू कर दी गई है। शिकायत के अनुसार आरोप है कि इंदु परमार ने तत्कालीन डीसी सुजान सिंह से रिश्तेदारी का हवाला देकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। इस मामले में NHM में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5 लाख रुपए लिए गए थे।

लेकिन शिकायत करने वाले शख्स ने बताया है कि न तो उसको रुपए वापस दिए गए, न ही नौकरी लगवाई गई। जिसके बाद उसे बदमाशों से भी धमकी दिलवाई गई। अब पीड़ित की ओर से इस मामले में गृह मंत्री अनिल विज से गुहार लगाई गई थी। जिसके बाद इनेलो नेता की गिरफ्तारी तो नहीं हो पाई है, लेकिन पुलिस की जांच शुरू हो गई है।  

भिवानी बुलाकर दिलवाई गई धमकी

मामले में कैथल की वैष्णो कॉलोनी के रहने वाले ओमप्रकाश की ओर से शिकायत दी गई है। सिविल लाइन थाना पुलिस को पीड़ित की ओर से बताया गया था कि महिला नेता भिवानी के चांग गांव की रहने वाली हैं।

जिसकी ओर से कहा गया था कि वह डीसी के जान-पहचान की हैं, उनसे कोई भी काम निकलवा सकती हैं, जिसके बाद पीड़ित ने अपने बेटे अमित को नौकरी लगवा देने की बात कही थी। इसके बाद 5 लाख रुपए लेकर कहा गया कि एनएचएम में फिट करवा देंगी। 

मामला दो साल पहले का है, जब कोरोना के चलते ही 2020 में एनएचएम में भर्ती की जा रही थी। तब डीसी की पोस्ट पर सुजान सिंह को कैथल की जिम्मेदारी थी। इसके चलते ही उसने 5 लाख रुपए दे दिए थे।  

कई बार संपर्क किया गया, लेकिन बेटे को नौकरी नहीं मिली। हर बार बहानों से तंग आकर पैसे वापस मांगे तो उसे अपने भिवानी कार्यालय में बुला लिया। जहां पर बदमाशों से भी धमकी दिलवाई कि दोबारा पैसे मांगे तो मार देंगे। जिसके बाद गृह मंत्री अनिल विज से मामले में गुहार लगाई गई।